*संपत्ति के लालच में बेटी ने प्रेमी संग मिलकर कराई मां की हत्या, दोनों गिरफ्तार*
रायवाला क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जया बलूनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 21 तारीख को घर के बाथरूम में बुजुर्ग महिला का शव पानी से भरी बाल्टी में सिर डूबा हुआ मिला था। जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने हरिद्वार के शांतिकुंज से मुख्य आरोपी शिवनारायण को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतका की बेटी शिल्पा ने ही अपने साथी शिवनारायण को मुंबई से बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया था। आरोपी ने मौका पाकर महिला का गला घोंटा और फिर शव को बाल्टी में डुबोकर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था।
एसपी ग्रामीण के अनुसार, आरोपी बेटी का मानना था कि मां लगातार जमीन बेच रही है और उसे पैसे या संपत्ति में हिस्सा नहीं दे रही है। इसी संपत्ति और पैसे के लालच में आकर उसने मां की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी शिवनारायण और मृतका की बेटी शिल्पा दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
