*सिख समुदाय हुआ नाराज*
देहरादून में सिख समुदाय से जुड़ा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। दरअसल, पिछले दिनों कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत के एक वीडियो के वायरल होने के बाद उसमें आकांक्षा नेगी नाम की युवती की सिख समुदाय को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आई थी। इस टिप्पणी को लेकर सिख समुदाय में नाराजगी देखने को मिल रही है।
इसी के विरोध में सिख समुदाय के लोग सोमवार शाम से देहरादून के गांधी पार्क में अनशन और धरने पर बैठे हैं। सिख समुदाय की मांग है कि आकांक्षा नेगी सार्वजनिक रूप से सिख समुदाय से माफी मांगें। उनका कहना है कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती, तब तक उनका धरना और अनशन जारी रहेगा।
वहीं, इस मामले को लेकर भाजपा प्रवक्ता और सिख समुदाय के सदस्य कुंवर जपेंद्र सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि आकांक्षा नेगी को अपनी टिप्पणी के लिए सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए और इस विवाद को जल्द खत्म किया जाना चाहिए। कुंवर जपेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस को इस मामले में राजनीति करने के बजाय विवाद को समाप्त कराने की दिशा में पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है और उसे किसी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले मामले को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
