*विकास कार्यों को लेकर मंत्री खजान दास की समीक्षा बैठक*
राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में लंबित और निर्माणाधीन विकास कार्यों को लेकर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मंत्री ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मंत्री खजान दास ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम की सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, फॉगिंग और कूड़ा उठान जैसे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर असंतोष जताते हुए कहा कि जनता को बार-बार शिकायतें करनी पड़ रही हैं। मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के सख्त निर्देश दिए।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जल्द निविदाएं आमंत्रित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
बैठक में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी, सीवर लाइन, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, पेयजल, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार के लंबित कार्यों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में शामिल नहीं होने पर स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों के प्रति भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की शुरुआत घर, आसपास के क्षेत्र, शहर और राज्य के विकास से करनी होगी।
बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे समेत नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।
